Showing posts with label चुनाव. Show all posts
Showing posts with label चुनाव. Show all posts
Wednesday, June 10, 2009
नतीजों की कसौटी पर कुछ चुनावी खबरें
अबकी लोकसभा चुनावों के दौरान मैंने अपने अखबार जनसत्ता के लिए कई विश्लेषण लिखे थे. उनमें से कुछ चुनिंदा रिपोर्टों को यहां दे रहा हूं. इससे पता चलेगा कि यह रिपोर्ट्स नतीजों की कसौटी पर कितनी खरी उतरी हैं. इनको यहां देने का मकसद अपनी पीठ ठोकना नहीं है. चुनाव के लगभग महीने भर बाद इन रिपोर्टों को देखना मेरे लिए किसी आत्मवालोकन से कम नहीं है. पश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर के बाकी राज्यों पर भी कुछ रिपोर्टें हैं. ज्यादातर रिपोर्ट्स जनसत्ता के तमाम संस्करणों में पहले पेज पर प्रमुखता से छपीं थी. तमाम लेख और रिपोर्ट्स जनसत्ता से साभार.
Monday, May 18, 2009
एक छोटे राज्य का अनूठा रिकार्ड

पश्चिम बंगाल से सटे छोटे-से लेकिन खूबसूरत पर्वतीय राज्य सिक्किम में जब नवगठित विधानसभा की बैठक शुरू होगी तो सदन में विपक्ष की दीर्घा पूरी तरह खाली होगी. नहीं, विपक्ष ने सदन की कार्यवाही के बायकाट का फैसला नहीं किया है. दरअसल, अबकी राज्य में विपक्ष है ही नहीं. यहां विधानसभा की 32 सीटें हैं और लोकसभा की एक. मुख्यमंत्री चामलिंग की अगुवाई वाले एसडीएफ ने इस बार इन सभी सीटों पर कब्जा कर लिया है. सिक्किम में बीते डेढ़ दशक से सत्ता में रहे सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) और उसके प्रमुख पवन कुमार चामलिंग ने अबकी एक ऐसी मिसाल कायम की है जिसकी कहीं कोई चर्चा ही नहीं हो रही है. दरअसल, पूरे देश में कांग्रेस और उसकी अगुवाई वाले यूपीए को मिली सीटों तले यह रिकार्ड दब-सा गया है पिछले चुनाव में विपक्षी कांग्रेस को एक सीट मिली थी. लेकिन इस बार उसका सूपड़ा साफ हो गया है. पूरे देश में लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस की जबरदस्त लहर और सत्ताविरोधी रुझान का इस छोटे से पर्वतीय राज्य पर कोई असर नहीं पड़ा है. राज्य में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ ही कराए गए थे. पूरे देश में जीत का डंका बजाने वाली कांग्रेस का इस बार कोई नामलेवा तक नहीं बचा है. बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नर बहादुर भंडारी ने एक सीट जीती थी. लेकिन इस बार उनका पत्ता भी साफ हो गया.
राज्य की सभी सीटें जीत कर चामलिंग चौथी बार सत्ता में लौटे हैं. इस छोटे से राज्य में कांग्रेस की वापसी सपना देख रहे भंडारी ने इसके लिए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को भी गंगटोक बुलाया था. लेकिन यहां राहुल का जादू भी नहीं चला. वैसे, 32 सीटों पर 20 नए चेहरों को उतार कर मुख्यमंत्री चामलिंग ने सत्ताविरोधी रुझान की काट पहले ही तैयार कर ली थी. उनकी यह रणनीति पूरी तरह कामयाब रही.
सत्ता में लौटने का सपना देख रही कांग्रेस का खाता तो बंद हुआ ही है, भाजपा, माकपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और सिक्किम गोरखा प्रजातांत्रिक पार्टी, सिक्किम नेशनलिस्ट पीपुल्स पार्टी, सिक्किम हिमाली राज्य परिषद और सिक्किम जन एकता पार्टी जैसे क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों की तो जमानत तक जब्त हो गई है. राज्य की इकलौती लोकसभा सीट पर भी एसडीएफ के पीडी राई जीत गए. इस लोकसभा निर्वाचन सीट के लिए और 32 विधानसभा सीटों के लिए 161 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे.
मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग कहते हैं कि ‘यह जनता की जीत है. लोगों ने एसडीएफ सरकार की नीतियों के प्रति भरोसा जताया है.’ लेकिन विपक्ष के नहीं होने से सरकार कहीं निरंकुश तो नहीं हो जाएगी? चामलिंग कहते हैं कि ‘ऐसा नहीं है. पिछली बार भी विपक्ष के पास एक ही सीट थी. हम चाहते तो मनमानी कर सकते थे. वैसी सूरत में जनता ही हमें खारिज कर देती. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसी से साफ है कि सरकार ने हमेशा राज्य और लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है.’ चामलिंग दो सीटों नामची-सिंगथांग और पोकलोक-कामरांग से मैदान में थे और दोनों जगह जीत गए.
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नर बहादुर भंडारी मानते हैं कि नतीजे अप्रत्याशित रहे हैं. लेकिन वे इस हार की कोई वजह बताने के तैयार नहीं हैं. वे कहते हैं कि ‘पार्टी हार की वजहों की समीक्षा करेगी.’ भंडारी ने भी दो विधानसभा सीटों---खामदोंग-सिंगताम और सोरेंग से चुनाव लड़ा था. लेकिन उन्हें दोनों जगह मुंहकी खानी पड़ी.
चामलिंग कहते हैं कि वोटरों ने सिक्किम और उसके लोगों के हितों की रक्षा के लिए चौथी बार मुझे सत्ता सौंपी है. राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि चामलिंग ने 15 साल के कार्यकाल के बाद राज्य में कांग्रेस की लहर और सत्ताविरोधी रुझान पर अंकुश लगा कर वह काम कर दिखाया है जो पड़ोसी पश्चिम बंगाल में वामपंथी भी नहीं कर सके. सत्ता में 32 साल बिताने के बावजूद.
Saturday, May 16, 2009
बंगाल में औंधे मुंह गिरा वाममोर्चा
प्रभाकर मणि तिवारी
अबकी लोकसभा चुनावों में वाममोर्चा अपने सबसे मजबूत गढ़ बंगाल में औंधे मुंह गिरा है. सीटों के मामले में उसने 25 साल पुराना अपना रिकार्ड भी नहीं बचा सका है. तब देश भर में चलने वाली कांग्रेस की लहर में भी उसे 42 में से 26 सीटें मिली थी। अबकी मोर्चा उस आंकड़े से काफी दूर रह गया है. कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस गठांधन ने वाममोर्चा को इस कदर झटका दिया है जिसका अनुमान खुद मोर्चा के नेताओं को भी नहीं था. इन चुनावों में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस गठबंधन ने वाममोर्चा को इस कदर झटका दिया है जिसका अनुमान खुद मोर्चा के नेताओं को भी नहीं था. उसके कई दिग्गज धराशाई हो गए हैं. इसके साथ ही केंद्र की अगली सरकार में अहम भूमिका निभाने के उसके सपने पर भी पानी फिर गया है. यह नतीजे दोनों पक्षों के लिए अप्रत्याशित रहे हैं. न तो वाममोर्चा को इस कदर पटखनी का अंदेशा था और न ही तृणमूल को इतनी भारी जीत की उम्मीद.
इन नतीजों के बाद अब पार्टी नेतृत्व जबरदस्त आत्ममंथन में जुट गया है.अब नतीजों के बाद वाममोर्चा अध्यक्ष विमान बसु ने माना है कि वह राज्य में सत्ताविरोधी लहर का पूर्वानुमान लगाने में नाकाम रही. उन्होंने कहा है कि पार्टी अपनी गलती से सबक लेगी. लोकसभा चुनाव के नतीजे वाममोर्चा सरकार व माकपा की नीतियों के फेल होने का सबूत हैं. यह सही है कि यह चुनाव लोकसभा का था विधानसभा का नहीं. लेकिन मुद्दे तो लगभग वही थे जो विधानसभा चुनाव में होते हैं. पूरे चुनाव अभियान के दौरान वाममोर्चा के नेता केंद्र की यूपीए सरकार की नाकामियों और अपनी उपलधियों को गिनाते रहे. इन नतीजों ने उस कहावत को एक बार फिर साबित किया है कि इतिहास खुद को दोहराता है. 1984 की कांग्रेस लहर के समय भी वाममोर्चा को 26 सीटें मिली थीं और कांग्रेस को 16। नतीजा अबकी भी लगभग वही है, बस दोनों दलों के छोर बदल गए हैं.
नतीजों से साफ है कि नंदीग्राम, सिंगुर और सच्चर कमिटी ने इन चुनावों में अल्पसंख्यकों को वाममोर्चा से दूर कर दिया. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के भाजपा का दामन छोड़ने से यह वोट बैंक उसके पाले में गया है. राज्य के अल्पसंख्यकबहुल जिलों में वाममोर्चा उम्मीदवारों की पराजय से यह बात बिल्कुल साफ है. इसके अलावा बीते साल जुलाई में केंद्र की यूपीए सरकार से समर्थन वापस लेकर सरकार गिराने की कोशिशें भी वाममोर्चा पर भारी पड़ी है.
इन चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को जबरदस्त फायदा हुआ है. कांग्रेस ने तो अपनी पुरानी स्थिति को ही बरकरार रखा है.उसने पिछली बार छह सीटें जीती थीं. अबकी दार्जिलिंग सीट भले उसके हाथों से निकल गई. लेकिन परिसीमन के बाद मालदा में बढ़ी एक सीट उसके हाथ में आ गई है. यानी नतीजा बराबर. लेकिन 1999 में नौ सीटों से वर्ष 2004 में महज एक सीट पर सिमटने वाली तृणमूल ने अबकी तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं.
अबकी न तो वाममोर्चा का औद्योगिकीकरण का पासा चला और न ही केंद्र की यूपीए सरकार की नाकामी का. राज्य में तीनों दौर में भारी मतदान के बाद माकपा के शीर्ष नेताओं को सरकारविरोधी रुझान की जो आशंका सता रही थी वह पूरी तरह सच साबित हुई है. वैसे, बीते विधानसभा चुनावों में भी भारी मतदान हुआ था. लेकिन तब वाममोर्चा को रिकार्ड कामयाबी मिली थी. लेकिन अबकी यह भारी मतदान वाममोर्चा के खिलाफ गया है।
इस बार राज्य में किसी के पक्ष में न तो कोई लहर थी और न ही कोई नया मुद्दा. टाटा की लखटकिया को माकपा ने भी मुद्दा बनाया था और तृणमूल ने भी. लेकिन माकपा की लखटकिया नहीं चली. सिंगुर और नंदीग्राम जैसे पुराने मुद्दे इस लोकसभा चुनाव में हिट साबित हुए. उन इलाकों में माकपा के तमाम उम्मीदवार पिट गए हैं. दरअसल, वाममोर्चा को इन मुद्दों की वजह से तो झटका लगा ही है, उसकी इस दुर्गति के लिए खुद पार्टी व उसकी नीतियां भी जिम्मेवार हैं. औद्योगिकीकरण के लिए जबरन जमीन अधिग्रहण का मुद्दा काफी असरदार रहा. कम से कम तमलुक और हुगली के नतीजे तो यही बताते हैं. माकपा के एक बड़े गुट के विरोध के बावजूद पार्टी ने तमलुक में उसी लक्ष्मण सेठ को टिकट दिया था जिन्होंने नंदीग्राम में आंदोलन की चिंगारी को पलीता दिखाया था. नतीजा सेठ की हार के तौर पर सामने आया है.
इस चुनाव में वाममोर्चा ने अपना पिछला रिकार्ड भी तोड़ दिया है. बंगाल में अपनी सत्ता के इन 32 वर्षों में इससे पहले वर्ष 1984 के कांग्रेस लहर के दौरान भी उसने 42 में से 26 सीटें जीती थी. वाममोर्चा नेताओं को इस बार नुकसान का अंदेशा तो था. कट्टर से कट्टर वामपंथी भी मोर्चे को 25 से ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं था. माकपा के विवादास्पद नेता व परिवहन मंत्री सुभाष चक्रवर्ती ने तो पहले ही वाममोर्चा को 28 सीटें मिलने का एलान कर दिया था. लेकिन परिसीमन और सरकार की नीतियों ने अपने ही गढ़ में वामपंथियों की लुटिया डुबो दी.
राज्य में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में कोई खास लहर नहीं थी. इसलिए यह नतीजे राज्य सरकार और वाममोर्चा की नीतियों के प्रति लोगों की नाराजगी का इजहार हैं. शहरी सीटें तो माकपा के हाथ से निकली ही हैं, अपने सबसे मजबूत गढ़ रहे ग्रामीण इलाकों में भी उसे जबरदस्त मुंहकी खानी पड़ी है. नतीजों से साफ है कि या तो अपने अतिरिक्त आत्मविश्वास के चलते वामपंथियों ने आकी जनता का मूड भांपने में जबरदस्त गलती की है या फिर वे जानबूझ कर अपनी कमियों और कमजोरियों पर पर्दा डालते रहे और 28 से 32 सीटें जीतने का दावा करते रहे. ऐसा नहीं होता तो मतगणना से एक दिन पहले तक माकपा नेता 30-32 सीटें जीतने का दावा नहीं कर रहे होते.
दरअसल, सिंगुर व नंदीग्राम की घटनाओं के बाद राज्य में हुए हर उपचुनाव, नगरपालिका चुनाव और पंचायत चुनाव में विपक्ष को लगातार बढ़त मिलती रही है. अब वामपंथियों की असली चिंता और प्राथमिकता इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है. दो साल बाद ही राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं.
यहां राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि इस बार माकपा का खेल परिसीमन ने नहीं, उसकी नीतियों व अल्पसंख्यकों वोटरों की दूरी ने गड़बड़ाया है. परिसीमन का असर तो कमोबेश सभी सीटों पर था. वैसे, पार्टी के कई समर्थक परिसीमन के चलते चुनाव अभियान के दौरान कोलकाता दक्षिण सीट पर ममता बनर्जी के हार के दावे करते भी नजर आए थे. पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के बयानों व टिप्पणियों में तालमेल का अभाव साफ नजर आया. इसके अलावा नंदीग्राम और सिंगुर जैसे मुद्दे शहरी मतदाताओं पर भी असरदार साबित हुए. इन मुद्दों को दोनों गठबंधन अपने-अपने तरीके से भुनाने का प्रयास कर रहे थे. लेकिन इनमें कामयाबी मिली विपक्ष को. महानगर की तीसरी यानी यादवपुर सीट पर तो मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की साख भी दांव पर थी. कोलकाता उत्तर सीट पर माकपा का अल्पसंख्यक चेहरा कहे जा रहे मोहम्मद सलीम की हार उतनी अप्रत्याशित नहीं रही. कुल मिला कर बंगाल में अपनी सत्ता के 32 वर्षों में अबकी मोर्चा को जितना गहरा सदमा लगा है उसकी भरपाई में उसे काफी वक्त लगेगा.
Friday, May 15, 2009
बंगाल के लालकिले में सेंध तय

प्रभाकर मणि तिवारी
पश्चिम बंगाल में अबकी वामपंथियों के लालकिले में सेंधमारी तय है। खुद वाममोर्चा के नेता भी अबकी पिछली बार के 35 के मुकाबले 28 से ज्यादा सीटों का दावा करने को तैयार नहीं हैं। राज्य की 42 लोकसभा सीटों के नतीजे राज्य में भावी राजनीति की दशा-दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इनसे कई सवालों के जवाब तो मिलेंगे ही, यह भी पता चलेगा कि सिंगुर और नंदीग्राम जैसे मुद्दों पर खास कर शहरी मतदाता क्या सोचते हैं। अब नतीजों से यह बात सामने आएगी कि तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस गठबंधन इस लालकिले में कितना सेंध लगा पाता है।
इस चुनाव में कांग्रेस के यथास्थिति रहने की उम्मीद है। तृणमूल कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ है ही नहीं। इसलिए उसे फायदा मिलना तय है। तृणमूल का फायदा यानी वाममोर्चा का नुकसान। अब यह नुकसान कितना और कहां होगा, इस पर मोर्चे के नेता तमाम माथापच्ची के बावजूद किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके हैं।
अबकी चुनावों में राज्य में नैनो, खेत और विकास ही मुद्दा रहे हैं। दोनों प्रमुख गठबंधनों ने अपने-अपने तरीके से इनको भुनाने का प्रयास किया है। वाममोर्चा ने जहां टाटा की लखटकिया के राज्य से जाने के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेवार ठहराते हुए उन पर विकासविरोधी तमगा लगाने का प्रयास किया है, वहीं ममता ने सरकार पर खेती की कीमत पर उद्योगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। महीनों लंबे चले चुनाव अभियान के दौरान अपनी-अपनी जीत के भारी-भरकम दावे करने वाले राजनीतिक दल नतीजों के ठीक पहले पक्के तौर पर कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। परिसीमन ने सबको ऐसा उलझाया है कि उनको खुद पर भी भरोसा नहीं रहा। दरअसल, तीन दौर में हुए चुनाव के दौरान 75 से 80 फीसद मतदान ने भी तमाम राजनीतिक दलों को असमंजस में डाल दिया है। उनको यह समझ में नहीं आ रहा है कि इतना भारी मतदान आखिर किस बात का संकेत है। वैसे, बीते विधानसभा चुनावों में भी भारी मतदान हुआ था और तब वाममोर्चा ने रिकार्ड सीटें जीती थीं। लेकिन तब से हालात बदले हैं। सिंगुर और नंदीग्राम जैसी घटनाएं उसके बाद हुई हैं और विपक्ष भी काफी हद तक एकजुट नजर आ रहा है।
कांग्रेस ने पिछली बार छङ सीटें जीती थीं। इनमें से सभी सीटें उत्तर बंगाल में हैं। वहां दार्जिलिंग सीट पर तो गोरखा जनमुक्ति मोर्चा का हाथ पकड़ कर मैदान में उतरे भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत की जीत तो कमोबेश तय ही है। यानी कांग्रेस की यह सीट तो हाथ से निकली ही है। इस कमी को पार्टी मालदा में पूरा करने का प्रयास कर रही है। पहले मालदा में एक ही सीट थी। लेकिन परिसीमन के बाद वहां दो सीटें बन गई हैं। पार्टी की अंतरकलह और गुटबाजी के बावजूद पार्टी को उन दोनों सीटों पर जीत की उम्मीद है। इसी तरह माकपा को राजधानी कोलकाता में एक सीट का नुकसान होने वाला है। कोलकाता में पहले तीन सीटें थीं। पिछली बार उनमें से एक पर ममता बनर्जी जीती थी और बाकी दो माकपा की झोली में गई थीं। लेकिन परिसीमन के बाद दो ही सीटें रह गई हैं। इनमें से कोलकाता दक्षिण सीट ममता की पारंपरिक सीट रही है। परिसीमन से उलझे समीकरणों के बावजूद कोई वामपंथी नेता ममता की हार का दावा करने का तैयार नहीं है। कोलकाता उत्तर सीट पर कांटे की टक्कर रही। यहां जीत-हार का अंतर काफी कम रहने की उम्मीद है।
लंबे अरसे बाद कांग्रेस व तृणमूल ने इन चुनावों में एक बार फिर एक-दूसरे का हाथ थामा था। अगर नतीजे उसके पक्ष में रहते हैं तो राज्य की भावी राजनीति में इस गठबंधन की अहम भूमिका हो सकती है। अगले साल राज्य में नगरनिगम व नगपालिका चुनाव होने हैं। हर विधानसभा चुनाव के साल भर पहले होने वाले इन चुनावों को राज्य में मिनी चुनाव कहा जाता है। उसके बाद 2011 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
वाममोर्चा के पिछली बार बंगाल की 42 में से 35 सीटें मिली थीं। मोर्चे के नेता अबकी केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनवाने और उसमें शामिल होने के लिए सक्रिय हैं। लेकिन यहां अपने किले में लगने वाली कोई भी बड़ी सेंध उसके इस प्रयास पर पानी फेर सकती है। इसलिए नतीजों से पहले मोर्चा खासकर माकपा के नेताओं ने भी अपने ओठ सिल रखे हैं।
डूबते को वोट का सहारा

एक बहुत पुरानी कहावत है कि डूबते को तिनके का सहारा. लेकिन पश्चिम बंगाल में सुंदरबन डेल्टा के लगातार डूबते द्वीपों में से एक मौसुनी के लगभग 10 हजार मतदाताओं ने इस कहावत को थोड़ा बदल दिया है. लोकसभा चुनावों के अंतिम दौर में इन लोगों ने इस द्वीप को बचाने के लिए वोट डाले. यानी डूबते को वोट का सहारा. इस द्वीप में बिजली, पानी और सड़क जैसे आधारभूत मुद्दे लोगों की चिंता का विषय नहीं हैं. उन्होंने इस बार मौसुनी को बंगाल की खाड़ी में डूबने से बचाने की उम्मीद में वोट डाला है. दक्षिण 24-परगना जिले के मथुरापुर संसदीय क्षेत्र में बसे 24 वर्गकिलोमीटर में फैले इस द्वीप में बिजली, सड़क और पानी के दर्शन दुर्लभ हैं. लेकिन इस द्वीप के लोगों के लिए यह चुनाव वजूद की लड़ाई बन गया है. जिस तेजी से यह द्वीप समुद्र में समा रहा है उससे यह तय करना मुश्किल है कि अगले लोकसभा चुनावों तक यह बचेगा भी या नहीं.
द्वीप के गोपाल मंडल कहते हैं कि ‘हमें सड़क, पानी, बिजली या दूसरी कोई सुविधा नहीं चाहिए. हम चाहते हैं कि इस बार यहां से जीतने वाला सांसद इस द्वीप को बचाने के लिए समुद्र तट पर तटबंध बनवा दे.’ मंडल के परिवार के पास इस डूबते द्वीप पर रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. बीते साल कोई पांच सौ लोग यहां से सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं. बीते साल अक्तूबर में द्वीप पर बना तीन किलोमीटर लंबा तटबंध टूट गया था. उसके बाद समुद्र के खारे पानी ने इलाके में खेत और उसमें खड़ी फसलों को लील लिया. अब खारे पानी के चलते वह जमीन उपजाऊ नहीं रही.
समुद्र के बढ़ते जलस्तर की वजह से मौसुनी और घोड़ामारा जैसे द्वीप लगातार पानी में समा रहे हैं. मौसुनी के जलालुद्दीन कहते हैं कि ‘हमारे वोट बायकाट से भी कोई खास अंतर नहीं पड़ने वाला. इसलिए हम इस द्वीप को बचाने की उम्मीद में वोट दे रहे हैं. शायद जीतने वाला उम्मीदवार तटबंध बनवाने की दिशा में पहल करे.’ मथुरापुर संसदीय क्षेत्र का 60 फीसद हिस्सा सुंदरबन डेल्टा में है. वहां मौसुनी और घोड़ामारा जैसे डूबते द्वीपों से लोगों का पलायन लगातार बढ़ रहा है. घोड़ामारा द्वीप की आबादी पहले पांच हजार थी. लेकिन वहां अब डेढ़ हजार लोग ही बचे हैं. यह द्वीप नौ वर्गकिलोमीटर के मुकाबले बीते कुछ वर्षों में घट कर आधा रह गया है.
इस बार माकपा और तृणमूल कांग्रेस ने इन द्वीपों को बचाने के लिए ठोस पहल करने का वादा तो किया है. लेकिन लोगों को उन पर भरोसा कम ही है. इलाके में ज्यादातर ग्राम पंचायतों पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा है. द्वीपों की इस समस्या के लगातार गंभीर होने की जिम्मेवारी दोनों राजनीतिक दल एक-दूसरे पर डाल रहे हैं. मथुरापुर सीट पर तृणमूल के उम्मीदवार चौधरी मोहन जटुआ कहते हैं कि ‘इलाके के माकपा सांसद बासुदेव बर्मन ने संसद में एक बार भी इन द्वीपों का मुद्दा नहीं उठाया.’ दूसरी ओर, माकपा उम्मीदवार अनिमेष सरकार कहते हैं कि ‘इन डूबते द्वीपों की समस्या इतनी गंभीर है कि राज्य सरकार अकेले कुछ नहीं कर सकती. इस समस्या पर राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान दिया जाना चाहिए.’ दिलचस्प बात यह है कि इस इलाके में किसी भी पार्टी ने सुंदरबन में होने वाले जलवायु परिवर्तन या डूबते द्वीपों का कोई जिक्र तक नहीं किया है. यहां भी खेती और औद्योगिकीकरण जैसे मुद्दे ही हावी रहे हैं.
मौसुनी ग्राम पंचायत के सदस्य रामकृष्ण मंडल कहते हैं कि ‘पंचायतें इस समस्या से निपटने में सक्षम नहीं हैं. तटबंध बनाने में करोड़ों का खर्च है. इतना पैसा आएगा कहां से?’ इलाके के लोगों के लिए यह चुनाव आशा की एक हल्की किरण लेकर आया है. उनको उम्मीद है कि शायद इस बार कहीं से इस द्वीप को बचाने की कोई शुरूआत हो. ऐसा नहीं हुआ तो यह द्वीप पूरी तरह डूब जाएगा और यहां के लोग भी पर्यावरण के शरणार्थियों की लगातार बढ़ती तादाद में शामिल हो जाएंगे.
Wednesday, May 13, 2009
वहां घटते रहते हैं पुरुष वोटर

प्रभाकर मणि तिवारी
देश के लगभग हर इलाके में साल-दर-साल मतदाताओं की तादाद अमूमन बढ़ती जाती है. लेकिन एक जगह ऐसी भी है जहां हर चुनाव में पुरुष मतदाताओं की तादाद पिछली बार के मुकाबले घट जाती है. लेकिन आखिर ऐसा क्यों है? दरअसल, किसी भी दो चुनाव के बीच के फासले के दौरान उस इलाके के कुछ पुरुष बाघ का शिकार बन जाते हैं. इसलिए हर बार मतदाता सूची में उनकी तादाद कम हो जाती है. वह इलाका है पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24-परगना जिले का सुंदरबन. वहां एक गांव में हर साल इतने लोग बाघ के शिकार हो जाते हैं कि उस गांव का नाम ही विधवापल्ली यानी विधवाओं का गांव हो गया है.
सुंदरबन के गोसाबा द्वीप में स्थित आरामपुर गांव राजधानी कोलकाता से लगभग 90 किलोमीटर दूर जयनगर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है. लेकिन इस आरामपुर गांव में विधवाओं की लगातार बढ़ती तादाद के चलते इसका नाम ही बदल कर विधवापल्ली या विधवाओं का गांव हो गया है. गांव में अठारह से लेकर साठ साल तक की महिला मतदाता हैं. लेकिन उनके मुकाबले पुरुष मतदाताओं की तादाद नहीं के बराबर है. इस इलाके में संसदीय चुनाव आखिरी दौर में 13 मई को होने हैं.
देश में यह शायद पहली ऐसी जगह है, जहां पुरुष मतदाताओं की तादाद बढ़ने की बजाय लगातार घटती रहती है. ज्यादातर मामलों में तो गांव के युवक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से पहले ही बाघ के पेट में समा जाते हैं. सुंदरबन के इस गांव में रहने वाले मछली पकड़ने के अलावा जंगल से मधु एकत्र कर अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं. जंगल में रायल बंगाल टाइगर के खतरे से बाकिफ होने के बावजूद पेट की आग बुझाने के लिए वे रोज जंगल में जाते हैं.
गांव की ज्यादातर विधवाओं के पास अपनी जमीन नहीं है. अपना और अपने बच्चों का पेट पालने के लिए उन्हें काफी दूर जाकर पैसे वाले लोगों के लोगों के घरों और खेतों में काम करना पड़ता है. गांव के बच्चों का बचपन भी उसे छिन गया है. वे छोटी उम्र से ही दूसरों के खेतों में मजदूरी करते हैं और बड़े होने पर जंगल में जाते हैं. तमाम दिक्कतों से जूझ रहे इस गांव में चुनाव का कोई उत्साह नहीं होता. फिर भी विधवाएं हर चुनाव में वोट देने मतदान केंद्रों तक पहुंचती हैं. इस उम्मीद में कि शायद यह चुनाव उनके अंधेरे जीवन में उम्मीद की नई सुबह ले कर आए.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सुंदरबन में हर साल औसतन 35 से 40 लोग बाघ के शिकार बन जाते हैं. आजादी से विधवापल्ली गांव का कोई वजूद नहीं था. लेकिन विभाजन के बाद पारंपरिक रूप से मछुआरे, लकड़हारे और मधु संग्रहकर्ता यहां धीरे-धीरे आ बसे. सन 1950 तक यहां की आबादी कुछ ज्यादा नहीं थी. बाद में गांव के पुरुष धीरे-धीरे बाघ का शिकार बनते गए और गांव में या तो विधवाएं बच गईं या फिर उनके दुधमुंहे बच्चे. सामाजिक बायकाट की चलते धीरे-धीरे सुंदरबन इलाके के दूसरे गांवों की विधवाएं भी विधवापल्ली में आ कर बसने लगीं. इस समय गांव में लगभग सवा दो सौ घर हैं. लेकिन इनमें से एक भी घर ऐसा नहीं है जहां कोई विधवा, जिसका पति बाघ का शिकार नहीं बना हो, नहीं हो. यानी सुदंरबन के बाघों ने इलाके में विधवाओं का एक पू्रा गांव ही बसा दिया है.
गांव की पार्वती मंडल के पति को बीते साल ही जंगल में बाघ ने मार दिया. वह कहती है कि ‘यह तो विधवाओं का गांव है. हमें न तो सरकार से कोई सहायता मिलती है और न ही कोई नेता हमारा दर्द बांटने आता है.’ वह आरोप लगाती है कि ‘चुनाव के मौके पर तमाम राजनीतिक पार्टियां हमदर्दी का नाटक तो करती हैं. लेकिन चुनाव बीतते ही उनके दर्शन दुर्लभ हो जाते हैं.’ गांव के एक बुजुर्ग मोहम्मद शफीकुल के तो तीनों बेटों को बाघ ने मार दिया. अब अपने छोटे-छोटे पोते-पोतियों के साथ दिन काट रहे शफीकुल कहते हैं कि ‘यहां मौत ही हमारी नियति है. घर में बैठें तो भूख से मर जाएंगे और जंगल में जाएं तो बाघ हमें नहीं छोड़ेगा. गांव के न जाने कितने ही मर्द उनका शिकार हो चुके हैं.’
Subscribe to:
Posts (Atom)

